बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक वीडियो संदेश जारी कर सुरक्षा बलों पर किए गए एक बड़े और भीषण हमले की जिम्मेदारी ली है। BLA के अनुसार, उसके मजीद ब्रिगेड ने कंदवा इलाके में गाड़ी में लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (VBIED) यानी कार बम का इस्तेमाल करके एक मिलिट्री कैंप को निशाना बनाया। इस शक्तिशाली धमाके में सैन्य कैंप और आसपास की सुरक्षा चौकियां पूरी तरह तबाह हो गईं, और कई सैनिकों के हताहत होने व घायल होने का दावा किया गया है। यह हमला गुरुवार को अंजाम दिया गया।
संगठन के मुताबिक, इस धमाके के तुरंत बाद BLA के 'फतेह स्क्वॉड' के आतंकवादी कैंप के अंदर घुस गए और धमाके में बचे हुए सुरक्षा कर्मियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इसके साथ ही, एक सुनियोजित और कोऑर्डिनेटेड ऑपरेशन के तहत पास की एक अन्य सिक्योरिटी पोस्ट को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।