मुंबई, 24 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। हिमाचल प्रदेश के शिमला में जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एलायंस एयर की फ्लाइट 9I821 (ATR प्लेन) की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। घटना के दौरान प्लेन में 42 पैसेंजर और 2 क्रू समेत 44 लोग सवार थे। प्लेन में हिमाचल के डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री और DGP डॉ. अतुल वर्मा भी सवार थे। दोनों दिल्ली से शिमला लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया, दिल्ली से शिमला के बीच चलने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान टेक्निकल प्रॉब्लम हुई। इसके कारण रनवे पर प्लेन की स्पीड नहीं हुई, पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर प्लेन रोका। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहाड़ी पर है। इसका रनवे 1200 मीटर लंबा है। इसके टेकऑफ और लैंडिंग दोनों एंड के बाद खाई है। रिपोर्ट्स में सामने आया कि प्लेन खाई की तरफ बढ़ रहा था, जिसे देख यात्री रोने-चिल्लाने लगे थे। अधिकारियों ने बताया कि ये फ्लाइट सुबह दिल्ली से शिमला आती है। इसके बाद शिमला से धर्मशाला, धर्मशाला से शिमला जाती है। शाम में वापस शिमला से दिल्ली जाती है। घटना के चलते अगली तीनों फ्लाइट रद्द कर दी गईं।
डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, रनवे शॉर्ट पड़ गया या फिर लैंडिंग में दिक्कत आई। अचानक जोरदार तरीके से ब्रेक लगाई। इसके बाद उसे पॉइंट पर रोका गया। करीब 20-25 मिनट हम प्लेन में ही रहे। हमें कहा कि टैक्सी बुलाकर आपको वहां पहुंचाएंगे, लेकिन बाद में प्लेन को ही पीछे पार्क किया। उन्होंने धर्मशाला की फ्लाइट रद्द कर दी। हमारे विधायकों को फ्लाइट से शिमला आना था, लेकिन अब वे गाड़ियों से आ रहे हैं। कुछ तो टेक्निकल घटित हुआ है, ये अथॉरिटी ही बता सकती है। हम तो यही कह सकते हैं कि लैंडिंग ठीक नहीं हुई। हमें कोई अलर्ट नहीं दिया गया।
जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के ऑफिशिएटिंग डायरेक्टर केपी सिंह ने बताया, 'लैडिंग के वक्त तकनीकी खराबी आई। सुबह दिल्ली से यह विमान जांच के बाद ही उड़ा है। सुबह की उड़ान के वक्त इसमें कोई खराबी नहीं थी। खराबी को इंजीनियर चेक कर रहे हैं। फिलहाल धर्मशाला की फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है।जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर खराब मौसम में अक्सर लैंडिंग चुनौतीपूर्ण रहती है, क्योंकि यहां पर रनवे भी छोटा है। मगर, आज सुबह जिस वक्त एलायंस एयर की फ्लाइट जुब्बड़हट्टी पहुंची, उस दौरान मौसम साफ था। ऐसे में हादसे के लिए तकनीकी खराबी को ही वजह माना जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी भी अभी ज्यादा जानकारी देने से बच रही है।