ताजा खबर

महाराष्ट्रः नवापुर में बर्ड फ्लू का गहराया संकट, मारी जाएंगी 1.40 लाख मुर्गियां, 5 km तक बनाया बफर जोन

Photo Source :

Posted On:Friday, May 1, 2026

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के संक्रमण ने एक बार फिर पोल्ट्री उद्योग और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नवापुर तालुका के तीन पोल्ट्री फार्मों से भेजे गए नमूनों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लगभग 1 लाख 40 हजार मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से मारने (कलिंग) का आदेश दिया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यह अभियान आज शुक्रवार से शुरू किया जा रहा है।

नवापुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू का खतरा तब भांपा गया जब 12 और 13 अप्रैल को बड़ी संख्या में मुर्गियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इंदौर की प्रयोगशाला से आई पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद, कलेक्टर मित्ताली सेठी ने प्रभावित फार्मों के एक किलोमीटर के दायरे को 'संक्रमित क्षेत्र' घोषित कर दिया है। इस दायरे में आने वाले सभी 6 पोल्ट्री फार्मों की मुर्गियों को नष्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए 3 किलोमीटर का कंटेनमेंट जोन और 5 किलोमीटर का बफर जोन निर्धारित किया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन पोल्ट्री फार्म मालिकों को इस प्रक्रिया से आर्थिक नुकसान होगा, उन्हें सरकारी नियमों के तहत मुआवजा दिलाने की कार्यवाही की जाएगी। हालांकि, लापरवाही बरतने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। गुजरात सीमा से सटे नवापुर में करीब 10 लाख मुर्गियां हैं, जिसे देखते हुए अन्य जिलों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। पशुपालन विभाग ने नागरिकों से चिकन और अंडों के सेवन के दौरान सरकारी स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।


भोपाल और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Bhopalvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.